
दूतावास में तिरंगा फहराया
डबलिन से सुरेश चौहान (श्रीमति)
15 अगस्त 2022 को जिस तरह पूरे देश में आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य हर घर तिरंगा लहरा कर आजादी का अमृत महोत्सव मनाया गया उसकी गूंज आयरलैंड की राजधानी डबलिन में भी देखने को मिली। आयरलैंड की राजधानी डबलिन में भारतीय दूतावास में बड़े ही धूम-धाम के साथ इस राष्ट्रीय पर्व को मनाया गया। यहां बड़ी संख्या में भारतीय रहते हैं।
सुबह लगभग 9.30 बजे से ही भारतीय दूतावास में, दूतावास के अधिकारी उनके परिवार के लोग और यहां रह रहे भारतीय लोगों का आना शुरू हो चुका था। दूतावास का परिसर देखते ही देखते खचाखच भर गया। लगभग 10 बजे भारत के राजदूत श्री अखिलेश मिश्रा जी ने वहां पधार कर तिरंगे को फहराया और सबने मिल कर राष्ट्रीय गान गाया।
तत्पश्चात् उन्होंने सबसे पहले 14 अगस्त 2022 की रात्री को देश की नवनिर्वाचित राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मू का भाषण पढ़कर उनका संदेश यहां उपस्थित सभी भारतीयों तक पहुंचाया। इसके पश्चात् उन्होंने आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर अमृत महोत्सव मनाने के बारे में अपने विचार रखे। देश की आजादी के पीछे देशभक्त क्रान्तिकारियों द्वारा दिये गये उनके बलिदानों को याद कर उनके प्रति श्रंद्धांजलि देते समय भावुक भी हो उठे।
उन्होंने भारत और आयरलैंड दोनों देशों को आजादी पाने के लिए किये गये संघर्ष की समानता के बारे में भी लोगों को बताया। करोना काल में आयलैंड में बसे भारतीयों द्वारा दिये गये योगदान को यादकर उनकी सराहना की साथ ही यहां बसे बड़ी संख्या में आई.टी. क्षेत्र में कार्य कर रहे युवाओं की भी सराहना की। इसके अतिरिक्त सांस्कृति, चित्रकारी और योग के बारे में स्थानीय लोगों के मध्य जागरूकता बढ़ाने में भारतीयों के योगदान की भी प्रशंसा की।
भारत के राजदूत श्री अखिलेश मिश्रा जी के भाषण के उपरान्त भारतीय कलाकारों ने रंगा-रंग ओडिशा और कथ्थक नृत्य पेश कर आजादी के इस अमृत महोत्सव में चार चांद लगा दिये। अन्त में श्री मिश्रा जी ने लोगों को उनके साथ यादगार फोटे लेने के लिए भी आमन्त्रित किया, मेहमानों के साथ फोटो भी खिंचवाई और सभी को चाय नाश्ता देकर सहर्ष विदा भी किया।